Blog

  • सिरसा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से बिगड़े हालात, कूड़े के ढेर से बढ़ा महामारी का खतरा

    सिरसा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से बिगड़े हालात, कूड़े के ढेर से बढ़ा महामारी का खतरा

    सिरसा। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने हालात पर चिंता जताते हुए कहा है कि हड़ताल के कारण शहर के हालात दिनों दिन विकट होते जा रहे हैं। गलियों और बाजारों में जगह-जगह कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शर्मा ने कहा कि गंदगी के ढेर सड़कों पर फैल गए हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। खासकर बाजारों और रिहायशी इलाकों में हालात और भी खराब हैं, जहां कूड़े के ढेर लोगों के लिए भारी परेशानी का सबब बन चुके हैं।

    राजकुमार शर्मा ने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो महामारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है। गर्मी के मौसम में गंदगी और कचरे के कारण बीमारियां तेजी से फैलती हैं, ऐसे में प्रशासन को तुरंत कदम उठाने की जरूरत है। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सफाई कर्मचारियों की मांगों की ओर ध्यान नहीं दे रही। कर्मचारियों की हड़ताल पिछले चार दिनों से जारी है, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं निकाला गया है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी मांगों को नजरअंदाज करना सरासर अन्याय है। राजकुमार शर्मा ने सरकार से मांग की कि वह सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को तुरंत पूरा करे और हड़ताल को खत्म कराने के लिए बातचीत का रास्ता अपनाए। साथ ही उन्होंने प्रशासन से भी मांग की कि वैकल्पिक व्यवस्था कर शहर की सफाई सुनिश्चित की जाए।

  • मिशन कर्मयोगी से मिलेगी क्षमता निर्माण ढांचे को मजबूती

    मिशन कर्मयोगी से मिलेगी क्षमता निर्माण ढांचे को मजबूती

    चंडीगढ़, 04 मई- हरियाणा सरकार मिशन कर्मयोगी को क्षमता निर्माण ढांचे की मजबूती का माध्यम बनाने जा रही है। इसके लिए सरकार ने सभी प्रशासनिक सचिवों से विभागों में कार्यरत कर्मचारियों की कैडर-वार भूमिकाओं और कार्य से जुड़ी जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी मांगी है।

    मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी एक पत्र के अनुसार, राज्य सरकार सुव्यवस्थित, सतत और परिणामोन्मुखी  प्रशिक्षण प्रणाली विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके साथ ही आईजीओटी कर्मयोगी प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिजिटल लर्निंग को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

    राज्य के शीर्ष प्रशिक्षण संस्थान हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) को क्षमता निर्माण पहलों के क्रियान्वयन के लिए नोडल एजेंसी नामित किया गया है।

    पत्र में कहा गया है कि हिपा ने आवश्यकता-आधारित क्षमता निर्माण योजनाएं तैयार करने के लिए सभी विभागों से प्रत्येक श्रेणी के कर्मचारियों की भूमिकाओं और कार्य-दायित्वों से संबंधित विस्तृत आंकड़े उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इस जानकारी के आधार पर लक्षित प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किए जा सकेंगे और शासन व्यवस्था की दक्षता में सुधार होगा।

    सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवश्यक जानकारी यथाशीघ्र हिपा को उपलब्ध कराएं ताकि आवश्यकता-आधारित क्षमता निर्माण योजनाओं को अंतिम रूप दिया जा सके।

  • आईडीबीआई बैंक ने सीएसआर पहल के तहत पानीपत सिविल अस्पताल के अपग्रेड के लिए 2.49 करोड़ रुपये दिए

    आईडीबीआई बैंक ने सीएसआर पहल के तहत पानीपत सिविल अस्पताल के अपग्रेड के लिए 2.49 करोड़ रुपये दिए

    चंडीगढ़, 4 मई– आईडीबीआई बैंक ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत पानीपत के ज़िला सिविल अस्पताल को अपग्रेड करने लिए हरियाणा स्वास्थ्य विभाग को 2.49 करोड़ रुपये का अनुदान प्रदान किया है। यह अनुदान आज चंडीगढ़ में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ सुमिता मिश्रा को औपचारिक रूप से सौंपा गया।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि इस राशि का उपयोग अस्पताल के लिए उन्नत चिकित्सा उपकरणों की खरीद में किया जाएगा। इनमें वेंटिलेटर, डिजिटल एक्स-रे मशीन, अल्ट्रासाउंड यूनिट, ऑपरेशन थिएटर टेबल और मल्टीपैरा मॉनिटर शामिल हैं। इन सुविधाओं के जुड़ने से ज़िला अस्पताल स्तर पर डायग्नोस्टिक और क्रिटिकल केयर सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है, इससे रोहतक और चंडीगढ़ जैसे शहरों के बड़े मेडिकल संस्थानों पर निर्भरता कम होगी।

    डॉ. सुमिता मिश्रा ने इस सहयोग को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी ) का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के लक्षित सीएसआर प्रयास न केवल सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करते हैं, बल्कि सीधे तौर पर उन मरीजों को लाभ पहुंचाते हैं जो सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर हैं। साथ ही यह मौजूद बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में भी मदद करते हैं।

    उन्होंने बताया कि मंजूर की गई राशि से विभिन्न विभागों में उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। ऑर्थोपेडिक विभाग को आधुनिक ऑपरेशन थिएटर टेबल मिलेंगी, जबकि नवजात देखभाल इकाई को इन्फेंट वार्मर से सुदृढ़ किया जाएगा। रेडियोलॉजी विभाग को हाई-एंड डिजिटल एक्स-रे मशीन मिलेगी और गहन देखभाल सेवाओं को वेंटिलेटर व इन्फ्यूजन पंप से सशक्त किया जाएगा। सभी उपकरणों पर न्यूनतम पाँच वर्ष की वारंटी और निर्धारित रखरखाव सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनकी दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित होगी।

    यह पहल आईडीबीआई बैंक के प्रमुख सी एस आर कार्यक्रम ‘HOPE – Healthcare Outreach and Public Empowerment’ के तहत की गई है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत वित्त वर्ष 2025–26 में हरियाणा के 23 स्वास्थ्य संस्थानों को लगभग 1 करोड़ रूपये का सीएसआर सहायता प्रदान की जा चुकी है। इसका उद्देश्य कम संसाधन वाले क्षेत्रों में चिकित्सा ढांचे, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को बेहतर बनाना है।

    उन्होंने बताया कि ज़िला सिविल अस्पताल, पानीपत शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है। आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा, जिससे अनावश्यक यात्रा, खर्च और उपचार में देरी को कम किया जा सकेगा। यह पहल सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने में कॉर्पोरेट भागीदारी का एक प्रभावी और दोहराए जाने योग्य मॉडल प्रस्तुत करती है।

  • नगर पालिका सांपला के आम चुनाव के दृष्टिगत मतदान स्टाफ का किया गया द्वितीय रेंडोमाईजेशन, आरक्षित सहित 21 मतदान पार्टियां गठित

    नगर पालिका सांपला के आम चुनाव के दृष्टिगत मतदान स्टाफ का किया गया द्वितीय रेंडोमाईजेशन, आरक्षित सहित 21 मतदान पार्टियां गठित

    रोहतक, 4 मई : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सचिन गुप्ता, सांपला नगर पालिका आम चुनाव के सामान्य पर्यवेक्षक नरेंद्र कुमार व रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पुवार की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों का द्वितीय रेंडोमाइजेशन किया गया। इसके तहत सभी 16 मतदान केन्द्रों के लिए 16 मतदान पार्टियां व 5 आरक्षित पार्टियां गठित की गई। इसके अलावा पांच लोकेशन के लिए पांच माइक्रो ऑब्र्जवर व दो आरक्षित माइक्रो आब्र्जवर का भी रेंडोमाइजेशन किया गया।


    जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि आयोग की हिदातयों अनुसार नगर पालिका सांपला के आम चुनाव के लिए मतदान स्टाफ का द्वितीय रेंडोमाइजेशन किया गया। स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में रेंडोमाइजेशन किया गया। उन्होंने कहा कि सांपला नगर पालिका में 16 वार्ड में तथा आम चुनाव के लिए 16 मतदान केंद्र स्थापित किये गए है। रेंडोमाइजेशन  के तहत 16 मतदान पार्टियां व 5 आरक्षित मतदान पार्टियां गठित की गई। इसके अलावा पांच लोकेशन के लिए पांच माइक्रो ऑब्जर्वर व दो आरक्षित माइक्रो ऑब्जर्वर का रेंडोमाइजेशन कर डाटा लॉक कर दिया गया। प्रत्येक मतदान पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी, एक वैकल्पिक पीठासीन अधिकारी व दो मतदान अधिकारी शामिल हंै। इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी अशोक कुमार, चुनाव तहसीलदार सरला, डीआईओ महेश भारद्वाज सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

  • भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर बोले ऊर्जा मंत्री अनिल विज, “जनता ने सारी पार्टियों को स्कैन कर पहचाना, काम करने वाली पार्टी केवल भाजपा

    भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर बोले ऊर्जा मंत्री अनिल विज, “जनता ने सारी पार्टियों को स्कैन कर पहचाना, काम करने वाली पार्टी केवल भाजपा

    चंडीगढ़, 04 मई –* हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने पश्चिम बंगाल, असम व पंडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर कहा कि हिंदुस्तान की जनता ने सारी पार्टियों को स्कैन कर अच्छी तरह पहचान लिया कि काम करने वाली पार्टी केवल भारतीय जनता पार्टी है, बाकि तो जुगाड़ है, पारिवारिक जुगाड़ है या सत्ता हथियाने के दल बने हुए हैं।

    ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने बंगाल में इतनी बड़ी जीत हासिल कर इतिहास रच दिया और भाजपा जहां-जहां चुनाव लड़ रही वहां भाजपा हरियाणा में जीती, दिल्ली में जीती, फिर मुंबई व बिहार में जीती और अब बंगाल व असम में जीते हैं तथा आगे भी जहां-जहां चुनाव होंगे वहां भाजपा जीतेगी और कमल का फूल खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सांस्कारिक पार्टी, विचारों की पार्टी, देश की पार्टी, राष्ट्रवाद की पार्टी है जिसकी नीतियां है, देश में शिक्षा व सुरक्षा तथा हर प्रकार की जिसकी नीतियां भाजपा की है और इस वजह से भाजपा को लोग पसंद कर रहे हैं। 

    वहीं, आगे पंजाब में चुनावों को लेकर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि पंजाब में आगे चुनाव है और गली-गली से भाजपा जिंदाबाद की आवाज आएगी। उन्होंने कहा पंजाब में पूरी तरह से भाजपा की सरकार बनने जा रही है। 

    इससे पहले आज अम्बाला छावनी स्थित भारतीय जनता पार्टी के निकलसन रोड स्थित कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जमकर जीत का जश्न बनाया। बड़ी संख्या में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों की थाप पर जमकर भांगड़ा डाला और लड्‌डू बांटे। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी हुई। 

    इस अवसर पर भाजपा नेता संजीव सोनी, जसबीर जस्सी, विजेंद्र चौहान, अजय बवेजा, संजीव वालिया, प्रवेश शर्मा, रवि बुद्धिराजा, हर्ष बिंद्रा, विकास बहगल, आशीष अग्रवाल, भरत कोछड़, बलित नागपाल, रवि सहगल के अलावा बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

  • स्वयं सहायता समूह सदस्यों के लिए मुफ्त सीएससी केंद्र, जिले के कई गांवों में आवेदन आमंत्रित

    स्वयं सहायता समूह सदस्यों के लिए मुफ्त सीएससी केंद्र, जिले के कई गांवों में आवेदन आमंत्रित

    गुरुग्राम, 4 मई।

    जिले में डिजिटल सेवाओं के विस्तार और ग्रामीण स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) खोलने के लिए इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। खास बात यह है कि स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से जुड़े सदस्यों को यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

    सीएससी के जिला प्रबंधक विकास पुनिया ने बताया कि 

    जिला प्रशासन के समन्वय से चल रही इस पहल के तहत फर्रुखनगर, मानेसर, पटौदी और सोहना क्षेत्र के कई गांवों में सीएससी केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां वर्तमान में इन सेवाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

    *इन गांवों में खुलेगा सीएससी केंद्र*

    फर्रुखनगर क्षेत्र के गुगाना राजूपुर, जोड़ी, खवासपुर, मेहचाना, शेखुपुर माजरी और सिवाड़ी; मानेसर क्षेत्र के भूड़का, चांदला डूंगरावास और सिधरावली; पटौदी क्षेत्र के ब्राह्मणवास, दरापुर, दौलताबाद, देवलावास, गोरियावास, हालियाकी, हुसैनका, जसात, खानपुर, मनगवाकी, मौजाबाद, रणसीका और सैयद शाहपुर; तथा सोहना क्षेत्र के अभयपुर, चुहड़पुर, खरोड़ा, खुंटपुरी और रानी का सिंगोला गांव शामिल हैं।

    विकास पुनिया ने बताया कि सीएससी केंद्रों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ, बैंकिंग और बीमा सेवाएं, पैन कार्ड, बिजली-पानी के बिल भुगतान सहित विभिन्न डिजिटल सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे ग्रामीणों को शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय व धन की बचत होगी। इच्छुक आवेदक सीएससी की आधिकारिक वेबसाइट https://cscregister.csccloud.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए जिला मैनेजर विकास पुनिया से मोबाइल नंबर 7015320441 संपर्क किया जा सकता है।

  • एडीसी अर्पित संगल ने  समाधान शिविर में सुनी आमजन की शिकायतें, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

    एडीसी अर्पित संगल ने  समाधान शिविर में सुनी आमजन की शिकायतें, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

    सिरसा, 04 मई।
    अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। जिला में आयोजित समाधान शिविरों में कुल 9 शिकायतें आई।


    अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने अधिकारियों से कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण सुनिश्चित किया जाए। समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटान सुनिश्चित करना है, ताकि नागरिकों को समयबद्ध राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर अंडरटेक करें और उनके समाधान के पश्चात तुरंत एटीआर अपलोड करना सुनिश्चित करें। पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए यह प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता आवश्यक है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


    अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का स्थाई समाधान हो और संबंधित विभाग आपस में सामंजस्य बनाकर जन शिकायतों का हल करें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आई शिकायतों का प्राथमिकता से निपटान करें और इस कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने बताया कि समाधान शिविर में आई 7801 शिकायतों में से 6020 का समाधान किया जा चुका है। 253 शिकायतों पर कार्य चल रहा है, 1256 शिकायतें रिजेक्ट हो चुकी हैं, जबकि 272 शिकायतों को रिओपन किया गया है।


    अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि नागरिक प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल पर समाधान शिविर में अपनी समस्याएं रखते हुए उनका निवारण करवा सकते हैं। इस अवसर पर डीएसपी आदर्शदीप सिंह, डीडीपीओ बलजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

  • सांपला में युवा संत चिंतन वर्ग: संतों के सान्निध्य में जागा राष्ट्र निर्माण का संकल्प, युवाओं में नई ऊर्जा का संचार

    सांपला में युवा संत चिंतन वर्ग: संतों के सान्निध्य में जागा राष्ट्र निर्माण का संकल्प, युवाओं में नई ऊर्जा का संचार

    सांपला। कालिदास धाम, सांपला में विश्व हिंदू परिषद इंद्रप्रस्थ क्षेत्र द्वारा आयोजित युवा संत चिंतन वर्ग का आज का दिवस अत्यंत प्रेरणादायी, ऊर्जावान और संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहा। पूज्य श्री श्री 1008 परमहंस कालिदास जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में धर्म, संस्कृति, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया गया। संतों के सान्निध्य ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया, जिससे उपस्थित युवाओं में नई चेतना और उत्साह का संचार हुआ।

    कार्यक्रम के दौरान बड़े दिनेश जी (केंद्रीय संरक्षक, विश्व हिंदू परिषद) एवं अशोक तिवारी (अखिल भारतीय धर्माचार्य संपर्क प्रमुख) को नवनिर्मित हॉस्पिटल का अवलोकन करवाया गया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर हरिशंकर जी (सह केंद्रीय मंत्री), वरिष्ठ प्रचारक रासबिहारी जी (केंद्रीय मंत्री एवं इंद्रप्रस्थ धर्माचार्य संपर्क कार्य), तिलक राज जी (प्रांत धर्माचार्य प्रमुख), केशव भारद्वाज जी (जिला मंत्री एवं वर्ग सर्व व्यवस्था प्रमुख) तथा अनुराग कुलश्रेष्ठ (प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख) सहित अनेक कार्यकर्ताओं और युवाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

    वक्ताओं के रूप में उपस्थित प्रमुख नाम:

    बड़े दिनेश जी, अशोक तिवारी, हरिशंकर जी, रासबिहारी जी, तिलक राज जी, केशव भारद्वाज जी तथा अनुराग कुलश्रेष्ठ।

    वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण का आधार केवल योजनाएं या नीतियां नहीं होतीं, बल्कि जागरूक, चरित्रवान और संगठित युवा शक्ति होती है। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान सदैव उसके उच्च नैतिक मूल्यों, संस्कारों और चरित्र से रही है, और इन मूल्यों को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी आज के युवाओं पर है।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि आज का युवा यदि अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं से जुड़कर कार्य करेगा, तो वह न केवल अपने व्यक्तित्व का विकास करेगा, बल्कि समाज और राष्ट्र को भी नई दिशा देगा। युवाओं का सहयोग इसलिए अनिवार्य है क्योंकि वे ऊर्जा, नवाचार और संकल्प का प्रतीक हैं। जब यही युवा सकारात्मक सोच, अनुशासन और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ते हैं, तो वे समाज में स्थायी परिवर्तन लाने में सक्षम होते हैं।

    वक्ताओं ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक चुनौतियों, सांस्कृतिक विचलनों और नैतिक गिरावट के बीच युवाओं का मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक हो गया है। ऐसे में संतों का सान्निध्य युवाओं को सही दिशा देता है और उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र धर्म को सर्वोपरि मानते हुए सेवा, संगठन और संस्कार के मार्ग पर चलें तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक सकारात्मक संदेश पहुंचाएं।

    कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, समर्पण और सेवा के मूल मंत्रों को अपनाने पर विशेष बल दिया गया। संतों ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल बड़े मंचों से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे प्रयासों से होता है—चाहे वह समाज सेवा हो, शिक्षा का प्रसार हो या जरूरतमंदों की सहायता।

    अंत में उपस्थित युवाओं और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगे, सनातन मूल्यों का प्रचार-प्रसार करेंगे और राष्ट्र सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस चिंतन वर्ग ने न केवल युवाओं को नई दिशा दी, बल्कि उनके भीतर राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण का भाव भी और अधिक प्रगाढ़ किया।

  • गुरुग्राम में शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई नीट यूजी परीक्षा

    गुरुग्राम में शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई नीट यूजी परीक्षा

    गुरुग्राम, 3 मई।

     राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 गुरुग्राम जिले में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और निष्पक्ष माहौल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6,875 अभ्यर्थियों में से 6,624 ने परीक्षा दी, जबकि 251 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा पहले से की गई पुख्ता तैयारियों के चलते परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा की सूचना नहीं मिली।

    डीसी उत्तम सिंह ने परीक्षा के दौरान सेक्टर-4/7 तथा भोंडसी स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एडीसी सोनू भट्ट भी उनके साथ रहे। उन्होंने केंद्रों पर पहुंचकर अभ्यर्थियों के लिए किए गए इंतजामों—जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था—की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। 

    निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र अधीक्षकों से परीक्षा संचालन की स्थिति की जानकारी ली और सुनिश्चित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हों।

    जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों के बाहर सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, जिससे अभ्यर्थियों को समय पर केंद्रों तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं हुई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के चलते पूरे जिले में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।

  • पलवल से चलने वाली लोकल ट्रेनों का मथुरा और कोसी कला तक किया गया विस्तार- खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम

    पलवल से चलने वाली लोकल ट्रेनों का मथुरा और कोसी कला तक किया गया विस्तार- खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम

    चंडीगढ़, 2 मई- हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम के सार्थक प्रयासों से जिला पलवल में रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर अहम कदम उठाए गए हैं, जिससे हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार अपने संकल्पों को पूरी ईमानदारी से पूरा कर रही है।

    मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा पलवल स्टेशन से चलने वाली लोकल ट्रेन संख्या 64016/64019 का मथुरा स्टेशन तक तथा 64082/64051 का कोसी कला स्टेशन तक विस्तार किया गया है। सरकार के इस फैसले से विशेष रूप से शाम के समय यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इस रेल सेवा विस्तार के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

    मंत्री ने कहा कि ट्रेनों के संचालन और उनके विस्तार से पलवल, होडल, कोसी कला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

    उन्होंने बताया कि लंबे समय से इन क्षेत्रों के लोग बेहतर रेल सुविधा की मांग कर रहे थे, जिसे अब सरकार ने पूरा करने का प्रयास किया है। इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों को दिल्ली और गाजियाबाद तक पहुंचने में पहले की तुलना में अधिक सुविधा और सहजता मिलेगी।

    उन्होंने कहा कि विशेष रूप से वे लोग, जो रोजाना काम, पढ़ाई या अन्य कारणों से यात्रा करते हैं, उनके लिए यह निर्णय काफी राहत भरा साबित होगा। अब उन्हें बार-बार ट्रेन बदलने या लंबा इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे उनका कीमती समय बचेगा। साथ ही यात्रा के दौरान होने वाली भीड़ और असुविधा में भी कमी आएगी।

    उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल शहरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी समान सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस पहल से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।

     मंत्री ने बताया कि पलवल में लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और इसे जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार परिवहन, सड़क, खेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर लगातार काम कर रही है, ताकि आमजन को सीधा लाभ मिल सके। खेल राज्य मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों की रफ्तार जारी रहेगी और जनता की अपेक्षाओं पर सरकार पूरी तरह खरा उतरेगी।