Tag: Haryana news

  • प्रदेश में 11 सालों में विकास के साथ-साथ समाज में बढ़ी है जागरूकता-विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण

    प्रदेश में 11 सालों में विकास के साथ-साथ समाज में बढ़ी है जागरूकता-विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण

    चंडीगढ़, 2 मई- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विगत 11 सालों में न केवल घरौंडा क्षेत्र, बल्कि पूरे प्रदेश में जमकर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और समाज में जागरूकता भी बढ़ी है। युवाओं को मैरिट पर नौकरी मिल रही हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। फसल का पैसा किसानों के खाते में पहुंच रहा है। विकास के साथ-साथ लोगों में जागरूकता बढ़ी है।

    श्री कल्याण आज करनाल के घरौंडा में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से पेयजल के लिए बिछाई गई नई पाईप लाइन और 6 नलकूपों का उदघाटन करने के उपरांत लोगों को संबोधित कर रहे थे। इन पर 3 करोड़ 37 करोड़ रुपये की लागत आई है।

    उन्होंने बताया कि शहर की अप्रूव्ड कालोनियों में 7.50 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है। निकट भविष्य में काम शुरू हो जाएगा।

    उन्होंने बताया कि पेयजल के लिए 8 किमी लंबी नई पाइप लाइन बिछाई गई है जबकि डिफेंस कालोनी, फिश मार्केट, विग कालोनी, पुराने गर्ल्स स्कूल के पास, जैल सिंह कॉलोनी और एसटीपी के पास नए ट्यूबवेल लगाए गए हैं। गर्मियों में शहरवासियों को अभी पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।

    उन्होंने कहा कि व्यवस्था में पारदर्शिता के कारण सरकार की ओर से पात्र लोगों को पूरी राशि प्राप्त हो रही है। नियमों में किए गए संशोधन की बदौलत शहर की अनेक अवैध कॉलोनियां वैध हुई हैं। इतना ही नहीं इनमें मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। केंद्र सरकार भी आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

    उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करते हुए सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों को मिले।

    इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता संजय शर्मा व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

  • फरीदाबाद में 20 मई को टेलीफोन अदालत और खुला दरबार होगा आयोजित

    फरीदाबाद में 20 मई को टेलीफोन अदालत और खुला दरबार होगा आयोजित

    फरीदाबाद, 04 मई।
    जिला फरीदाबाद दूरसंचार के अन्तर्गत आने वाले सभी दूरभाष केन्द्रों के उपभोक्ताओं की टेलीफोन सेवाओं से संबंधित/शिकायतों/ विवादों की सुनवाई तथा शिकायतों को यथासंभव तुरन्त निपटाने के उद्देश्य से फरीदाबाद में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए टेलीफोन अदालत तथा खुला दरबार का आयोजन दिनांक :- 20 मई 2026, बुधवार को 12:00 बजे कार्यालय महाप्रबंधक दूरसंचार जिला फरीदाबाद में किया जाना है। यह जानकारी सहायक महाप्रबंधक दूरसंचार मनीष ने देते हुए बताया कि इस अदालत में उपभोक्ताओं की समस्याओं एवं शिकायतों का निपटारा महाप्रबंधक दूरसंचार जिला फरीदाबाद द्वारा किया जाएगा।  

    इस अदालत में निम्नलिखित प्रकार के मामलों पर विचार किया जाएगा :-
    टेलीफोन का अधिक बिल आना या बिल संबंधी अन्य शिकायत ऐसे बिल जो दिनांक 30 अप्रैल 2026 तक जारी हो, टेलीफोन सर्विस (LL/FTTH) सम्बंधित शिकायतें

    निम्नलिखित श्रेणी की शिकायतों पर इस टेलीफोन अदालत में विचार नहीं किया जाएगा :-
    पूर्व में आयोजित अदालतों में आई जन शिकायतों और जिनके निर्णय की सूचना दी जा चुकी हो, ऐसी शिकायतों/विवादों जिन पर किसी न्यायालय द्वारा अपना निर्णय लिया जा चुका हो।

    शिकायत प्रस्तुत करने की प्रक्रिया :-
    उपभोक्ता अपनी शिकायत दो प्रतियों में संबंधित दस्तावेजों/पूर्व में प्रेषित पत्रों / संपर्क टेलीफोननंबरो आदि को कार्यालय समय में सहायक महाप्रबंधक (पी जी) कार्यालय महाप्रबंधक दूरसंचार जिला फरीदाबाद (दरभाष 0129-2223946) के पास जमा करवाएं अथवा डाक द्वारा भिजवाएं। 12 मई 2026 तक पी जी अनुभार्ग, सेक्टर 15ए फरीदाबाद को भेजे जा सकते हैं। कृपया बंद लिफाफे पर टेलीफोन अदालत एवं खुला दरबार स्पष्ट रूप से लिखे।

  • जगन्नाथ आश्रम में बच्चों की सुविधाओं, सुरक्षा और देखभाल व्यवस्थाओं की जांच

    जगन्नाथ आश्रम में बच्चों की सुविधाओं, सुरक्षा और देखभाल व्यवस्थाओं की जांच

    गुरुग्राम, 02 मई- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम के तहत मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी-सह-सचिव, डीएलएसए गुरुग्राम निशा ने जिले में संचालित बाल देखभाल संस्थान जगन्नाथ आश्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य संस्थान में रह रहे बच्चों को दी जा रही मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा, देखभाल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्थाओं का समग्र आकलन करना रहा।

    निरीक्षण के दौरान संस्थान की आवासीय व्यवस्था, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल उपलब्धता, चिकित्सा सुविधाएं, काउंसलिंग सेवाएं, सुरक्षा प्रबंध और बच्चों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक व मनोरंजन गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया गया। इसके साथ ही संस्थान में रखे गए अभिलेख, रजिस्टर और बच्चों की व्यक्तिगत देखभाल योजनाओं की भी जांच की गई।

    निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी दिनचर्या, समस्याएं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और पारिवारिक माहौल मिलना जरूरी है, ताकि उनका शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास सही तरीके से हो सके।

    निरीक्षण के बाद उन्होंने संस्थान प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच, काउंसलिंग सेवाएं और कौशल विकास गतिविधियों को और बेहतर बनाने के लिए कहा गया।

    जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम ने स्पष्ट किया कि बच्चों के हितों की रक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार किए जाते रहेंगे, ताकि संस्थानों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।

  • विद्यार्थियों को स्वयं व परिवार के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए किया प्रेरित

    विद्यार्थियों को स्वयं व परिवार के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए किया प्रेरित

    सिरसा, 02 मई।
    हरियाणा उच्च माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत तथा राइट टू लाइफ फाउंडेशन हरियाणा के सहयोग से जिले में कैंसर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रिवेंटिव ऑन्कोलॉजिस्ट एवं फाउंडेशन की संस्थापक सचिव डॉ. रत्नला तुलसी कुमारी ने स्थानीय श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल, महाराजा अग्रसेन स्कूल, जीडी गोयनका स्कूल और डीएवी सेंटेनरी स्कूल में विद्यार्थियों और स्टाफ को कैंसर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं और बचाव के लिए जागरूक किया।

    डॉ. रत्नला तुलसी कुमारी ने विद्यार्थियों व स्टाफ को कैंसर के प्रमुख कारणों, उससे बचाव के उपायों, तंबाकू सेवन से होने वाले खतरों, उपचार की प्रक्रिया, जांच विधियों और विभिन्न स्टेज के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को जागरूक करना नहीं है, बल्कि उनके माध्यम से अभिभावकों, विशेषकर माताओं तक भी स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुंचाना है। विद्यार्थियों को स्वयं और अपने परिवार के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।


    इसके अलावा एचपीवी वायरस से बचाव के लिए वैक्सीनेशन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया, ताकि 11 से 14 वर्ष की अधिक से अधिक बच्चियां इस टीकाकरण अभियान का लाभ उठा सकें। 45 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को नियमित रूप से पैप स्मीयर टेस्ट करवाने की सलाह दी गई।


    इसके साथ ही फिजियो-ऑन्कोलॉजी और ऑन्को-न्यूट्रिशन से संबंधित डाइट चार्ट की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे आम लोगों को सही पोषण संबंधी मार्गदर्शन मिल सके।